देशभर में हीटवेव खत्म, बारिश से तापमान गिरा, राजस्थान के जैसलमेर में रेतीला तूफान

देश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक देशभर में फिलहाल हीटवेव की स्थिति खत्म हो गई है। कई राज्यों में बारिश और आंधी के चलते मौसम में बदलाव आया है। राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन धूल भरी आंधी चली, जिससे तापमान में गिरावट आई। जैसलमेर में रेतीला तूफान आया। इससे विजिबिलिटी पर असर हुआ, हालांकि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। राज्य के फलौदी में अधिकतम तापमान 42.6°C रहा। उत्तर प्रदेश के बलिया में 34.4mm और मुरादाबाद में 21.8mm बारिश हुई। लखनऊ में भी 2.4mm बारिश हुई। यहां अधिकतम तापमान 36.3°C रहा, जो सामान्य से 3.9°C कम है। न्यूनतम तापमान 24.7°C रहा। उत्तराखंड में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। चंपावत के श्री रीठा साहिब गुरुद्वारे के वार्षिक जोड़ मेले के दौरान उफनती नदी में 50 से ज्यादा श्रद्धालु फंस गए, जिन्हें बाद में रेस्क्यू किया गया।