डीके शिवकुमार आज कर्नाटक CM बनेंगे, 4 बजे शपथ, मंत्रियों के नाम की लिस्ट भी जारी होगी
डीके शिवकुमार आज कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में होगा। शिवकुमार को 30 मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। वे सिद्धारमैया की जगह राज्य की कमान संभालेंगे। शिवकुमार ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस हाईकमान नई कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों की लिस्ट बुधवार सुबह या दोपहर तक जारी करेगा। उन्होंने कहा- मीडिया में चल रहे संभावित नाम ऑफिशियल नहीं हैं। लिस्ट दिल्ली से आएगी। सिद्धारमैया ने 28 मई को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। सिद्धारमैया 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री रहे।सूत्रों के मुताबिक, नई कैबिनेट में सिद्धारमैया और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे भी शामिल हो सकते हैं। 4 डिप्टी CM भी बनाए जा सकते हैं। मौजूदा कैबिनेट से 10 मंत्री हटाए जा सकते हैं। कांग्रेस विधायक टीबी जयचंद्र ने कहा कि बुधवार को कुछ विधायक मंत्री की शपथ लेंगे। विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव 18 जून तक चलने के कारण मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार उसके बाद होगा। 18 जून के बाद पूरी कैबिनेट का गठन होने की संभावना है।
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, खड़गे के अलावा केरल, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना के कांग्रेस मुख्यमंत्री शामिल होंगे। तमिलनाडु और झारखंड के मुख्यमंत्री भी आएंगे। इधर, शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) का सदस्य नियुक्त किया गया।
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर नेताओं में हैं। उनके पास ₹1413 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। वह रियल एस्टेट, खनन, होटल कारोबारी भी हैं। दिलचस्प ये है कि इतनी संपत्ति के बावजूद उनके चुनावी हलफनामे में एक टोयोटा क्वालिस कार दर्ज है। 263 करोड़ का कर्ज भी है।
1962 में बेंगलुरु के पास कनकपुरा में जन्मे डीके वोक्कालिगा समुदाय से हैं। वह कनकपुरा से ही विधायक हैं। कांग्रेस में उनकी पहचान ऐसे नेता की है जो पार्टी विधायकों को टूटने से बचाते हैं। किसी भी बड़े ऑपरेशन, चुनाव मैनेजमेंट, प्रचार या गुप्त रणनीतियों के लिए जिस वित्तीय और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट की जरूरत होती है, उसे वे बखूबी मैनेज कर लेते हैं।
