आज से 12 दिनों तक चलेगा CCPL क्रिकेट, रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच पहला मुकाबला

छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन आज से शुरू होने जा रहा है। पहला मैच रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। ओपनिंग सेरेमनी शाम 7 बजे से स्टार्ट होगी। ओपनिंग सेरेमनी में एक्ट्रेस मोनी राय परफार्म करेंगी। पिछली बार की तरह इस बार भी 6 टीमें होंगी। फाइनल मिलाकर कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। विनिंग टीम को कप के साथ 15 लाख कैश अवॉर्ड भी दिया जाएगा। वहीं उपविजेता टीम को 11 लाख रुपए मिलेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दर्शकों के लिए एंट्री फ्री होगी, लेकिन उन्हें पहले टिकट बुक कराना जरूरी होगा।

दरअसल, इस सीजन के हर मैच में दर्शकों को कैश प्राइज मिलेगा। सबसे खास, हर मैच की लाइव कमेंट्री क्रिकेट लवर्स को छत्तीसगढ़ी में सुनने को मिलेगी। इस सीजन की थीम है, खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां। आयोजकों ने बताया स्टेडियम तक पहुंचने के चार स्टॉप से बस भी पिक कर सकेंगे।

CCPL के प्रेसिडेंट एवी भास्कर राव और CSCS के वी मोहनदास ने भास्कर को बताया कि CCPL सीजन-3 में इस बार सिर्फ चौके-छक्कों का रोमांच नहीं होगा, बल्कि दर्शकों के लिए भी बड़े इनाम रखे गए हैं। स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को हर मैच के दिन लकी ड्रॉ के जरिए कैश प्राइज जीतने का मौका मिलेगा। सबसे बड़ा आकर्षण ओपनिंग डे और फाइनल में मिलने वाले दो टू-व्हीलर हैं। कुल 11 लाख रुपए बतौर रिवॉर्ड दर्शकों को दिए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस बार दर्शकों को छत्तीसगढ़ी कमेंट्री सुनने को मिलेगी, जो यूट्यूब पर लाइव प्रसारित होगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में भी छत्तीसगढ़ी माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी, ताकि दर्शकों को अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस हो।

आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए सभी टिकट मुफ्त रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग www.ticketgenie.in के जरिए की जाएगी। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट लिया जा सकेगा।

टिकट के पीछे दिए गए लकी ड्रॉ कूपन से दर्शकों को कई इनाम जीतने का मौका मिलेगा। टिकट के काउंटर पार्ट को संभालकर रखना होगा। हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में कूपन निकाले जाएंगे और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।

यह टूर्नामेंट 12 दिनों तक चलेगा। इसमें 6 टीमों के 114 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहला मैच रायपुर और राजनांदगांव के बीच खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन यानी 12 जून को होंगे। फाइनल मुकाबला भी 12 जून (रविवार) की शाम को खेला जाएगा।