अहमदाबाद में 166 बांग्लादेशी पकड़े गए, 300 से ज्यादा संदिग्ध हिरासत में लिए गए
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन इलाकों से 300 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में 166 बांग्लादेशी पाए गए हैं, जबकि अन्य संदिग्ध हैं, जिनके डॉक्यूमेंट्स की जांच की जा रही है। 2 जून की रात चलाए गए अभियान में अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में कार्रवाई की थी। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को क्राइम ब्रांच कैंपस में रखा गया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि शहर के चंदोला इलाके में लगातार चलाए जा रहे अभियानों के चलते यहां बड़ी संख्या में रहने वाले अवैध निवासी एक ही जगह पर टिके रहने से बच रहे हैं। वे अब अपनी पहचान बदलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में किराए के मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, होटलों, कामगारों के आवासों और व्यावसायिक स्थानों में रह रहे हैं। इसीलिए पूरे शहर में एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध प्रवासियों को पकड़ने की कार्रवाई लंबी चलने वाली है।
पूछताछ के दौरान कुछ बांग्लादेशियों ने कबूल किया है कि वे यहां कमाए गए पैसे बांग्लादेश में रहने वाले परिवार को कैश में ही भेजते है। इसके लिए वे दलालों का सहारा लेते थे। पहले पैसे कोलकाता भेजते थे और वहां से बांग्लादेश भेजते थे।
यह भी पता चला है कि कुछ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी बांग्लादेश पैसे भेजे जा रहे थे। पुलिस अब इन दलालों की तलाश में जुटी हुई है। सायबर क्राइम की टीमें भी इनके मोबाइल से मिले एप्लीकेशंस की जांच कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच जेसीपी शरद सिंघल ने बताया जब टीमें ओधव इलाके के क्रिस्टल कॉम्प्लेक्स पहुंची, तो वहां के कुछ स्पा सेंटरों में अफरा-तफरी मच गई थी। जांच में पता चला कि कुछ स्पा सेंटरों में बांग्लादेशी लड़कियां काम कर रही थीं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्पा मैनेजर वहां से फरार हो गया और उसने स्पा सेंटर को बाहर से ताला लगा दिया।
अंदर फंसी लड़कियों को दरवाजा तोड़कर निकालने की कोशिश की जा रही थी,तभी कुछ लड़कियां स्पा की खिड़कियों से कूदकर फरार हो गईं। इन्हें भगाने के लिए नीचे खड़े कुछ स्थानीय लोगों ने सीढ़ियां लगा दी थीं। इनमें से कुछ लड़कियों को हिरासत में लिया गया है। इनकी मदद करने वालों की भी तलाश की जा रही है।
