रायपुर स्काईवॉक निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और जानलेवा लापरवाही, कांग्रेस ने शास्त्री चौक पर किया जोरदार प्रदर्शन
रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक में बरती जा रही लगातार लापरवाही, तकनीकी खामियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के नेतृत्व में आज कांग्रेसजनों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लालबहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा के समीप जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने पुरजोर मांग की है कि आम जनता की सुरक्षा को ताक पर रखकर किए जा रहे इस घटिया निर्माण कार्य की जांच किसी निष्पक्ष व स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। कांग्रेस जनों में हाथों में तख्तियाँ लेकर प्रदर्शन किया इन तख्तियों में निर्माणाधीन स्काईवॉक के निर्माण में हो रही गड़बड़ी और जन सुरक्षा को लेकर नारे लिखे हुए थे, प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की ।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा जो स्काईवॉक पहले सिर्फ अनुपयोगी साबित हो रहा था, वह अब आम जनता के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। अफसरों और निर्माणकर्ता ठेकेदार की साठगांठ के चलते बेहद निम्न स्तर की निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। आलम यह है कि थोड़ी सी तेज हवा चलने पर भी पूरा स्ट्रक्चर हिलने लगता है। लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण लोहे के ढांचों में जंग लग चुकी है। अब इसके भारी-भरकम नट-बोल्ट टूटकर नीचे सड़कों पर गिर रहे हैं, जिससे राहगीर और आम जनता चोटिल हो रहे हैं। यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को खुला आमंत्रण दे रही है।”
छग प्रदेश असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष *मोहम्मद सिद्दीक* ने कहा कि इस जानलेवा लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री श्री अरुण साव को जल्द ही एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस विभागीय मंत्री के बंगले का घेराव करने से पीछे नहीं हटेगी।
