PM मोदी गुजरात में हथियार फैक्ट्री पहुंचे, मेड इन इंडिया टैंक और ड्रोन देखे, आज सूरत में जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के सूरत में लार्सन एंड टुब्रो के आर्म्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। उन्होंने यहां मेड इन इंडिया टैंक, ड्रोन के सामने खड़े होकर उसकी जानकारी ली। L&T कॉप्लेक्स भारत का अत्याधुनिक रक्षा निर्माण केंद्र है। यहां सेना के लिए बख्तरबंद वाहन, तोप से जुड़े सिस्टम और अन्य सैन्य प्लेटफॉर्म बनाए, असेंबल (जोड़े) और परीक्षण किए जाते हैं। पीएम सूरत में ₹12,421 करोड़ के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इनमें वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज के साथ 4 अन्य हाईवे शामिल हैं। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस होने की वजह से शहर में पीएम के कार्यक्रम के बैनर नहीं लगाए गए हैं। कार्यक्रम में आ रहे कार्यकर्ताओं को साइकिल और ई-व्हीकल से आने के लिए कहा गया है। वहीं, आम लोगों के आने के लिए नगर निगम 450 से ज्यादा ई-बसें चलाई गईं।
सूरत में पीएम हाईवे के अलावा बड़े और छोटे पुल, रेलवे पुल, फ्लाईओवर और 70 अंडरपास का उद्घाटन करेंगे। 4,732 करोड़ रुपये वाली NHAI की चार परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें NH-56 के धामासिया से बिटाडा तक चार लेन निर्माण (पैकेज-4), नसरपोर से मलोथा तक चार लेन निर्माण (पैकेज-6), रिलायंस के पास छह लेन वाहन अंडरपास और NH-53 के सूरत-हजीरा सेक्शन पर कावास में VUP-कम-फ्लाईओवर शामिल हैं।
इसके साथ ही दमन से मोदी लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह और टूरिज्म परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
