गजब बेइज्जती… ट्रंप ने फोन किया, फिर भी नहीं माने नेतन्याहू, ईरान पर दागीं मिसाइलें

अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में जारी जंग रोकने के लिए जारी बातचीत के बीच इजरायल ने एक नया फ्रंट खोल दिया है. लेबनान में इजरायली हमले का जवाब देते हुए ईरान ने इजरायल के शहरों पर मिसाइलें क्या दागीं, नेतन्याहू की सेना ने तेहरान को बदलापुर बना दिया. इजरायल ने ईरान के कई सैन्य अड्डों को तबाह कर दिया है.
इजरायल ने देशभर के स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है और इसे लंबी कार्रवाई के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. इजरायल-ईरान में भड़की जंग की इस नई चिंगारी के बीच सबसे अधिक चर्चा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हो रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की थी. ट्रंप ने नेतन्याहू को फोन कर जवाबी हमला नहीं करने के लिए कहा था. ट्रंप ने कहा कि ईरानी हमलों में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. उन्होंने इजरायल की ओर से जवाबी कार्रवाई नहीं किए जाने की उम्मीद भी जताई थी. ट्रंप के मना करने के बावजूद इजरायल ने ईरान पर बैलिस्टिक मिसाइलों की बारिश कर दी.

इसे लेकर अब कहा जा रहा है कि बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की भी नहीं सुन रहे. ट्रंप ने यह भी कहा था कि अगर नेतन्याहू फिर से हमला करते हैं, तो यह सिलसिला चलता ही रहेगा. जैसा पिछले 47 वर्षों से चल रहा है या फिर पिछले 3000 वर्षों से. उन्होंने दावा किया कि हम ईरान के साथ एक अंतिम समझौते के बहुत करीब हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि हम नहीं चाहते कि मौजूदा घटनाक्रम की वजह से यह समझौता पटरी से उतर जाए. इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल की ओर से लेबनान पर किए गए हमले को लेकर भी नाराजगी जताई थी और कहा था कि इससे खुश नहीं हूं. उन्होंने ईरान को सलाह दी थी कि आपने अपनी मिसाइलें दाग दी हैं, अब बस भी कीजिए. ट्रंप ने ईरान को बातचीत की मेज पर वापस लौटने, समझौता करने की सलाह भी दी थी.

ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी सेना अलर्ट पर है. उन्होंने कहा कि मुझे लगता था कि समझौते पर सोमवार, मंगलवार या बुधवार तक हस्ताक्षर हो जाएंगे लेकिन अब यह घटनाक्रम सामने आ गया है. फिर भी हम समझौते के बहुत करीब हैं. गौरतलब है कि इजरायल की सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया था.

ईरानी समाचार एजेंसी IRNA ने भी हमलों की पुष्टि करते हुए कहा है कि राजधानी तेहरान और इस्फहान के साथ ही तब्रीज में भी धमाकों की आवाज सुनी गई. हालांकि, ईरान के शहरी मंत्रालय ने कहा है कि देश के किसी भी शहरी इलाके में हमले नहीं हुए हैं. शहरी मंत्रालय ने कहा है कि कहीं से भी आग लगने की कोई सूचना नहीं मिली है.