कर्नाटक के बेलगावी में मॉनसून का तांडव, भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सड़कें बनीं दरिया

कर्नाटक के बेलगावी जिले में मॉनसून ने जबरदस्त कहर बरपाया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने सावदत्ती तालुक में तबाही मचाई है. बेलगावी जिले की कई सड़कें नदियों जैसी दिख रही हैं, पानी घरों में घुस गया है और कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए हैं. जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है. बारिश इतनी तेज़ थी कि किसानों के खेत डूब गए, फसलें पानी में बहने लगीं. बता दें कि सोमवार शाम को बेलगावी के बैलहोंगल, सवादत्ती, कित्तूर और यरगट्टी तालुकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से नाले ऊफान पर आ गए, जिससे पानी सड़कों पर फैल गया. बैलहोंगल शहर में कुछ सड़कों पर कमर तक पानी भर गया और बाइक्स पानी में तैरने लगीं.

सबसे डरावनी तस्वीर बैलहोंगल बस स्टैंड और वीर रानी चेन्नम्मा सर्कल पर देखने को मिली. जहां बस स्टैंड और सर्कल का पूरा इलाका पानी में डूब गया. वीडियो और तस्वीरों में लोग पानी की तेज़ धार में लड़खड़ाते नजर आए. कई लोग खुद को संभालने के लिए एक-दूसरे का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं. तेज़ पानी उन्हें बहाकर ले जाने की कोशिश कर रहा है.

बस स्टैंड के पास, इंचल रोड और कई इलाकों में खड़े कई दोपहिया वाहन और ऑटो पानी के तेज बहाव में बह गए. वाहन मालिक पानी में कूदकर अपने वाहन बचाने की कोशिश करते दिखे. सवादत्ती में सड़कें नदियों जैसी दिख रही हैं. हालांकि, अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है, जो राहत की बात है.

जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों ने नगर निगम से अपील की है कि नालियों की सफाई और बारिश से बचाव के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे मॉनसून में ऐसी समस्या न आए. इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कर्नाटक के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है.