मस्जिद में रेप का आरोपी मौलाना एनकाउंटर में गिरफ्तार, फिरोजाबाद पुलिस ने पैर में गोली मारी
फिरोजाबाद में 14 साल की लड़की से मस्जिद में रेप करने वाले मौलाना को पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मौलाना के पैर में गोली मारी। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 2 टीमें बनाई गई थीं। बुधवार को सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। रामगढ़ थाना पुलिस ने घेराबंदी की। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात कर चेकिंग की जाने लगी। चौराहों पर नाकाबंदी की गई। इस बीच नैपई अंडरपास के पास मौलाना किसी का इंतजार करते नजर आया। पुलिस को देखते ही मौलाना भागने लगा। पीछा करने पर उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में मौलाना के पैर में गोली लगी। वह घायल हो गया। इसके बाद टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी मौलाना ने 7 जून को मस्जिद में वाटर कूलर से ठंडा पानी भरने आई किशोरी के साथ रेप किया था। जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 7 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे पीड़िता मस्जिद में लगे वाटर कूलर से पानी भरने गई थी। आरोप है कि उस समय मस्जिद में मौजूद जाकिर हाफिज (48) ने किशोरी को अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया। मुंह दबाकर उसे अपने कमरे में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर रामगढ़ थाने में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इस बीच पुलिस को मुखबिर से आरोपी की लोकेशन का पता चला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया।
