नर्मदापुरम में रिटायर्ड अफसर से लूट, किरायदार बनकर आए थे बदमाश

नर्मदापुरम के शांतिनगर में किराएदार बनकर आए बदमाशों ने रिटायर्ड अफसर एनके गोयल को बंधक बनाकर लूट लिया। साथ ही मारपीट कर बदमाश सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गए। जानकारी के अनुसार बुधवार, 10 जून की दोपहर करीब 2:30 बजे तीन-चार युवक एनके गोयल के दरवाजे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किराए पर मकान चाहिए। जैसे ही बुजुर्ग (रिटायर्ड अफसर) ने दरवाजा खोला 25 से 30 साल की उम्र के गमछा बांधे ये युवक जबरन अंदर घुस गए।

बुजुर्ग के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए। शोर न मचाए इसलिए उनका मुंह भी दबाया गया। इसके बाद पैसों की मांग शुरू हुई। बुजुर्ग ने बताया कि पैसे न होने की बात सुनकर बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की। उनका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं एक बदमाश हथियार लेकर उनके पास खड़ा रहा। बाकी तीन बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली। अलमारी और लोहे की पेटी के ताले तोड़ दिए। सामान बिखेर दिया। गले से सोने की चेन, सोने-चांदी की अंगूठियां और चांदी का कड़ा उतरवा लिया। जाते समय एक कीपैड मोबाइल भी उठा ले गए।

बदमाशों के जाने के बाद बुजुर्ग एनके गोयल ने खुद अपने बंधन खोले। वे घर के बाहर आए और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना किया और देर शाम अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
एनके गोयल लोक निर्माण विभाग से एसडीओ के पद से साल 1994 में रिटायर हुए थे। साल 2000 में उनकी पत्नी उषा रानी गोयल का निधन हो गया था। तब से वे शांतिनगर वाले मकान में अकेले रह रहे थे। उनका बेटा दिनेश गोयल अपने परिवार के साथ बांके बिहारी कॉलोनी में रहता है। घटना के बाद डरे-सहमे बुजुर्ग रात को बेटे के घर चले गए। शांतिनगर वाले मकान पर ताला लगा रहा।

थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह देहात थाना क्षेत्र में एक हफ्ते के भीतर बुजुर्गों पर दूसरी बड़ी वारदात है। तीन दिन पहले भी तालनगरी गांव में अज्जुद्दी बाई के साथ भी सोते समय मारपीट और लूटपाट हुई थी। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।