दिल्ली में खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स जयपुर डाइवर्ट, यूपी में तूफान से पेट्रोल-पंप की छत गिरी
मानसून पिछले 7 दिन से तमिलनाडु के चेन्नई, महाराष्ट्र के हरनाई और बंगाल के सिलीगुड़ी में रुका हुआ है। 4 जून को केरलम पहुंचने के बाद अगले 2 दिन, यानी 6 जून तक ही यह 5 राज्यों में पहुंच गया था। हालांकि, अगले 3 दिन में इसके महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के बाकी हिस्से कवर करने का अनुमान है। इधर, गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून का असर है। दिल्ली में खराब मौसम के चलते 2 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट करनी पड़ीं। राजस्थान के कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल में भी बरसात हुई। यूपी में आंधी से एक पेट्रोल पंप की छत उड़ गई। वहीं, चित्रकूट में 4.5 करोड़ रुपए के ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में हादसों में 3 लोगों की मौत हुई। वहीं पंजाब के मानसा में तेज आंधी में लोहे का गेट गिरने से 9 साल के बच्चे की मौत हो गई।
बिहार में पटना, बक्सर, सुपौल समेत 5 जिलों में सुबह-सुबह घने बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। लोगों को गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। यहां आंधी के साथ बारिश हुई।
आज 22 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट है। इनमें राजस्थान, एमपी, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा शामिल हैं। गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है।
