तेंदुलकर ने फ्लाइट में परिवार के साथ क्रिकेट खेला VIDEO, बेटी सारा ने कैच पकड़ा

सचिन तेंदुलकर परिवार के साथ फ्लाइट में क्रिकेट खेलते नजर आए। 53 साल के पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने शुक्रवार को इसका 31 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘एटीट्यूड नहीं बदलना चाहिए, भले ऑल्टीट्यूड कुछ भी हो।’ वीडियो में सचिन उल्टे बल्ले से बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक के साथ क्रिकेट खेल रहे हैं। सानिया गेंदबाजी करती दिखीं, जबकि उनकी एक गेंद पर सारा ने सचिन का कैच पकड़ लिया। इसके बाद तीनों हंसते नजर आए और इस हल्के-फुल्के पल का आनंद लेते दिखे।

तेंदुलकर पिछले हफ्ते पालघर के गुहिर गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने बच्चों के बीच क्लाइमेट स्मार्ट विलेज प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। सचिन ने खुद इसके फोटो शेयर किए थे।

तेंदुलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक लगाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं। उन्होंने भारत के लिए 664 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट और वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हैं। तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए हैं, जबकि 463 वनडे में उनके नाम 18,426 रन हैं। सचिन ने एक टी-20 इंटरनेशनल मैच भी खेला है।