वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का मारा, सुपर ओवर में भारत-ए की हार के बाद हुई बहस
श्रीलंका-ए ने सोमवार को दांबुला में खेले गए ट्राई सीरीज के रोमांचक मुकाबले में भारत-ए को सुपर ओवर में हरा दिया। मैच के बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलंबागे से बहस हो गई और इसी दौरान उन्होंने हलंबागे को धक्का भी दे दिया। श्रीलंकाई विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इससे पहले, सोमवार को मुकाबला टाई हो गया। भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 265 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका-ए भी 50 ओवर में 265 रन ही बना सकी। आखिरी गेंद पर श्रीलंका को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे, लेकिन टीम सिर्फ 1 रन ही बना सकी। इसके बाद श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए। जवाब में भारत 9 रन ही बना सका।
जब मैच टाई हुआ तब यह स्पष्ट नहीं था कि सुपर ओवर होगा या नहीं। अंपायर तर्क दे रहे थे कि काफी शाम हो चुकी है और आगे मुकाबला संभव नहीं होगा। इसके बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा की अंपायर से बहस हुई। फिर सुपर ओवर कराने का फैसला किया गया। इसके बाद अगला विवाद सुपर ओवर में श्रीलंका की पारी की आखिरी गेंद पर हुआ। अरशद खान की फुलटॉस गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज कैच आउट हुए। अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दे दिया और भारतीय फील्डर्स ग्राउंड से बाहर चले गए। इसके बाद रिप्ले देखने के बाद पता चला कि यह गेंद नो बॉल थी। गेंद बल्लेबाज की कमर से ऊपर थी। इसके बाद भारतीय फील्डर्स को दोबारा बुलाया गया और आखिरी गेंद फिर से कराया गया।
ड्रामे का अगला सीक्वेंस सुपर ओवर के बाद देखने को मिला। भारत के मैच हारने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव को कुछ कहा। इससे वैभव भड़क गए और उनकी श्रीलंकाई खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की हो गई। वैभव का मैदान पर आक्रामक रवैया पहले भी चर्चा में रह चुका है। 2025 अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आउट होने के बाद उन्होंने विरोधी गेंदबाज को जवाब देते हुए जूता दिखाने का इशारा किया था। वहीं 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मुकाबले में भी वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ तीखी नोकझोंक में शामिल हुए थे।
भारत के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी वनडे ट्राई सीरीज में एक बार फिर फेल रहे। वे आज के मुकाबले में महज 21 रन ही बना सके। वैभव के अलावा, अनुकूल रॉय 8 रन, निशांत सिंधु 6 रन, आयुष बडोनी 15 रन और प्रभसिमरन सिंह 11 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि ऋतुराज गायकवाड ( 37 रन) और तिलक वर्मा (23 रन) ने 52 रन की साझेदारी करके भारतीय टीम को संभाला। आखिर में सूर्यांश शेडगे (72 रन) और विप्रज निगम (51 रन) ने शतकीय साझेदारी करके टीम स्कोर 250 पार पहुंचा दिया। टीम इंडिया 49.2 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। विजयकांत वियास्कंथ ने 3 विकेट झटके।
भारत-ए के लिए ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी बरकरार हैं, लेकिन टीम अब दूसरे नतीजों पर भी निर्भर हो गई है। भारत-ए के 3 मैचों में 2 अंक हैं और उसका अब केवल एक लीग मैच बचा है, जो 17 जून को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ खेला जाएगा। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। जीत के बाद उसके 4 अंक हो जाएंगे।
