अहमदाबाद प्लेन क्रैश साइट का नया VIDEO, हॉस्टल की बालकनी से चादर के सहारे कूदे थे स्टूडेंट्स

अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के समय का एक नए वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं हॉस्टल की बिल्डिंग की तीसरी और चौथी मंजिल से कूदते हुए नजर आ रहे हैं। एअर इंडिया का प्लेन मेस की बिल्डिंग में क्रैश हुआ था। इसका असर मेस के आसपास हॉस्टल की बिल्डिंग पर भी पड़ा। हॉस्टल की कई इमारतों में आग लग गई। वीडियो में दिख रहा है कि जिस इमारत की बालकनी से स्टूडेंट्स उतरने की कोशिश कर रहे हैं, उसके दोनों तरफ आग लगी हुई है। स्टूडेंट्स चौथी मंजिल से चादर के सहारे तीसरी मंजिल पर आने की कोशिश कर रहे हैं। प्लेन क्रैश में बच गए इकलौते पैसेंजर विश्वास रमेश कुमार भालिया का सोमवार को एक और वीडियो सामने आया। इसमें रमेश हादसे वाली जगह से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। उनके पीछे विमान में आग लगी है और धुएं का गुबार आसमान में दिख रहा है।

घटनास्थल पर मौजूद लोग उन्हें देखकर चिल्ला रहे हैं। रमेश फोन देखते हुए बीजे मेडिकल हॉस्टल के कैंपस से बाहर आ जाते हैं। इससे पहले हादसे वाले ही दिन 12 जून को एक वीडियो सामने आया था। उसमें भी रमेश घटनास्थल से खुद बाहर निकलते दिखे थे। उनके चेहरे पर जख्म थे और वो लंगड़ाकर चलते नजर आए थे।

एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 (बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन) अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। 12 जून दोपहर 1.40 बजे क्रैश हो गई थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। एक यात्री जिंदा बचा है। 240 लोगों की मौत हुई थी। इनके अलावा 5 डॉक्टर्स समेत 30 लोग और मारे गए।