विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप- आज भारत Vs नीदरलैंड, टी-20 इंटरनेशनल में पहली बार होगा सामना

वीमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का मुकाबला नीदरलैंड के साथ होगा। यह मुकाबला हेडिंग्ले (लीड्स) के मैदान पर शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत ने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की। वहीं नीदरलैंड को अपने पहले मैच में बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में आज कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश, दूसरा मैच भारत और नीदरलैंड और तीसरा मैच साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।

भारत और नीदरलैंड की यह पहली भिड़ंत होगी। दोनों टीमें पहली बार टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट आमने-सामने आई हैं।

भारतीय टीम के लिए टी-20 में स्मृति मंधाना सबसे सफल बल्लेबाज रही हैं। उन्होंने 167 मैचों में 124.92 की स्ट्राइक रेट से 4401 रन बनाए हैं। इस दौरा 112 रन उनका बेस्ट स्कोर है।

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 145 मैचों में 6.29 की इकोनॉमी से 166 विकेट चटकाए हैं। उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन 10 रन देकर 5 विकेट है, जो उन्होंने पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ हासिल किया।

नीदरलैंड के लिए स्टेर कालिस टीम की प्रमुख बल्लेबाज हैं। उन्होंने टी-20 में 65 मैचों में 104.43 की स्ट्राइक रेट से 1953 रन बनाए हैं। इस दौरान नाबाद 126 रन उनकी बेस्ट पारी रही है।

वहीं गेंदबाजी में आइरिस ज्वीलिंग ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 94 मैचों में 5.21 की किफायती इकोनॉमी से 101 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर 6 रन देकर 3 विकेट रहा है।