अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म, ट्रम्प चिल्लाकर बोले- डील साइन, ईरानी राष्ट्रपति पजशकियान ने डिजिटल दस्तखत किए
अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने के लिए अंतरिम समझौते पर दस्तखत हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार रात को फ्रांस के वर्साय पैलेस में इससे जुड़े MoU पर साइन किए। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मौजूद थे। ट्रम्प के बाद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने भी ईरान से इलेक्ट्रॉनिक दस्तखत किए। समझौते का ऐलान भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 5:30 बजे किया गया। यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया। इस समझौते के तहत ईरान और लेबनान में मिलिट्री एक्शन खत्म किया जाएगा। होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोला जाएगा और अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी खत्म की जाएगी।
इस समझौते पर 19 जून को स्विटजरलैंड में जेनेवा के पास लूसर्न शहर में साइन होने थे, लेकिन निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले ही इस पर दस्तखत कर दिए गए।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका-ईरान पीस डील को लेकर किए गए अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्ट को एडिट किया है।
पहले किए गए पोस्ट में उन्होंने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने ऐतिहासिक MoU पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और 19 जून को स्विट्जरलैंड में एक आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह भी होगा।
हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट को अपडेट कर दिया और उसमें से हस्ताक्षर समारोह का जिक्र हटा दिया।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर हो चुके हैं, इसलिए अब स्विट्जरलैंड में कोई अलग से औपचारिक हस्ताक्षर समारोह नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में जरूर मिलेंगी, लेकिन वहां समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होंगे। बैठक का मकसद अगले चरण की बातचीत को आगे बढ़ाना होगा।
