अमेरिका-ईरान के बीच आज की बातचीत रद्द, लेबनान पर इजराइली हमले जारी
अमेरिका और ईरान के बीच फ्रांस में कल पीस डील पर दस्तखत होने के बाद आज स्विट्जरलैंड में आगे की बातचीत होनी थी, लेकिन यह बैठक अचानक रद्द कर दी गई। अमेरिकी मीडिया एक्सियोस के मुताबिक, इसके पीछे लेबनान में इजराइल के लगातार जारी सैन्य हमले एक बड़ी वजह हो सकती है। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार को इजराइली हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई। दूसरी ओर, हिजबुल्लाह के हमलों में एक टैंक बटालियन कमांडर समेत 4 इजराइली सैनिक मारे गए हैं। इससे नाराज होकर इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूरा लेबनान जलना चाहिए। बेन ग्वीर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी कहा है कि हर इजराइली मां के आंसुओं के बदले एक हजार लेबनानी मांओं को रोना चाहिए।
ईरान-अमेरिका पीस डील लागू: अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने के लिए अंतरिम समझौते पर दस्तखत हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार रात को फ्रांस के वर्साय पैलेस में इससे जुड़े MoU पर साइन किए।
अमेरिका-ईरान प्रतिनिधि आज स्विट्जरलैंड में मिलेंगे: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों देशों के बीच पहली औपचारिक वार्ता शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में होगी।
इजराइल बोला- लेबनान से पीछे नहीं हटेंगे: इजराइली सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में अपनी तैनाती का नया नक्शा जारी किया है और साफ किया है कि फिलहाल वहां से सैनिक नहीं हटाए जाएंगे।
होर्मुज से जहाजों की आवाजाही तेज: पीस डील पर साइन होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही तेज हो गई है। सऊदी अरब के झंडे वाले तीन बड़े तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजर चुके हैं।
लेबनान में इजराइली हमलों में 3 लोगों की मौत: पीस डील लागू होने के बाद भी इजराइल ने साउथ लेबनान में हमला किया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। 2 मार्च से अब तक इन हमलों में 3,900 लोग मारे जा चुके हैं।
