NEET के एक और छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली. खुदकुशी करने से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह बयां की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहा था. लगातार कई प्रयासों के बाद भी सफलता न मिलने से वह बेहद तनाव में था. गुरुवार की रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ने के लिए गया था. अगली सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला.
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छात्र ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. इस वीडियो में उसने कहा कि वह कई प्रयासों के बाद भी NEET परीक्षा पास नहीं कर पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में था. वीडियो में उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है.
कोतवाली की एसीपी ने मामले की पुष्टि की है. पुलिस ने छात्र के मोबाइल से मिला वीडियो अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. साथ ही घटनास्थल से भी जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
बता दें कि यह पूरा मामला एक ऐसे समय पर सामने आया है, जब रविवार यानी 21 जून को देश और विदेश में नीट-यूजी (NEET-UG 2026) की री-एग्जाम होने जा रही है. इस परीक्षा में देश-विदेश से 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने जा रहे हैं. यह मेडिकल प्रवेश परीक्षा हमेशा की तरह पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक तय किया गया है. वहीं, PwD और PwBD श्रेणी के पात्र छात्रों को नियमों के मुताबिक अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक अपनी परीक्षा पूरी कर सकेंगे.
