CG : परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत, ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, पिता गंभीर रुप से घायल

जीपीएम: पेंड्रा थाना इलाके के सोन नदी पुल पर आज सुबह दर्दनाक होदसा हो गया. कोटमी चौकी सोन नदी पुल पर ये हादसा हुआ. छात्रा अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर पेंड्रा कालेज में परीक्षा देने जा रही थी. तभी ओवरटेक के दौरान उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई. हादसा इतना खतरनाक था कि मौके पर ही छात्रा गायत्री की मौत हो गई. हादसे में मृतक छात्रा के पिता कृपाल सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद मौके से ट्रक का ड्राइवर फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस अब अज्ञात ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुट गई है. ट्रक ड्राइवर को पकड़ने के लिए पुलिस अब आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने की तैयारी कर रही है.

मृतक छात्रा बीएससी सेकेंड ईयर में पढ़ती थी. छात्रा पेंड्रा कालेज परीक्षा देने जा रही थी. छात्रा के पिता कृपाल सिंह अपनी बेटी गायत्री को परीक्षा दिलाने के लिए कालेज जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई. पीड़ित परिवार कोरबा के पसान थाना इलाके के ग्राम अमझर का रहने वाला है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल पर एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था. इसी दौरान मोपेड चालक कृपाल सिंह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए और मोपेड अनियंत्रित होकर ट्रक के करीब पहुंच गई. देखते ही देखते पिता-पुत्री ट्रक की चपेट में आ गए. हादसा इतना भीषण था कि गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल कृपाल सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी इलाज जारी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. युवती की असमय मौत से परिजनों सहित पूरे अमझर गांव में मातम पसरा हुआ है. परीक्षा देने निकली बेटी की मौत की खबर से परिवार के लोगो का रो रोकर बुरा हाल है.