राशन दुकानों में चावल की गड़बड़ी : कहीं 450 क्विंटल तो कहीं 175 से 250 क्विंटल मिला शॉर्टेज
रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत संचालित उचित मूल्य की दुकानों में चावल की गड़बड़ी के मामले में खाद्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में विभाग ने हाल ही में जोरा दुकान समिति के अध्यक्ष एवं विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इस दुकान में जांच के दौरान 389 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला था। इसके अलावा अन्य 5 दुकानों में भी कहीं 450 क्विंटल, तो कहीं 175 से 250 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला था। इन दुकानों के संचालक विभाग से कई बार नोटिस मिलने के बाद भी शार्टेज चावल की भरपाई नहीं करा रहे हैं, जिससे विभाग अब इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान आईडी 442001026 में पिछले वर्ष जांच के दौरान 389 क्विंटल चावल शॉर्टेज मिला था, जिसकी कीमत 15 लाख रुपए से अधिक है। विभाग ने दुकान समिति के अध्यक्ष एवं विक्रेता को शॉर्टेज चावल की भरपाई करने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बाद भी उनके द्वारा पिछले कई महीनों से न ही चावल जमा किया गया और न ही बदले में राशि जमा कराई गई है। इस मामले में अब विभाग ने समिति के अध्यक्ष एवं विक्रेता के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एफआईआर कराई है।
रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, उचित मूल्य दुकान में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले वर्ष जांच के दौरान जिन दुकानों में चावल शार्टेज मिला है, उन्हें नोटिस जारी किया जा चुका है। चावल या बदले में राशि जमा नहीं कराएंगे, तो एफआईआर कराई जाएगी।
सेरीखेड़ी स्थित दुकान आईडी 442001044 में जांच के दौरान विभागीय टीम को लगभग 450 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला था। इसी प्रकार आरंग क्षेत्र के ग्राम कोसमखुटा स्थित दुकान आईडी 442003042 में लगभग 220 क्विंटल चावल, रायपुर स्थित 441001290 तथा 441001291 में 200 से 250 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला है। इसके अलावा ग्राम गनौद आरंग दुकान में भी लगभग 175 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला है। इन सभी दुकानों की समिति प्रभारियों द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद भी चावल या बदले में राशि जमा नहीं करा रहे हैं।
