बंगाल- पूर्व TMC विधायक पर लोगों ने अंडे फेंके, थाने के बाहर चोर-चोर के नारे लगे
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में रविवार को पूर्व TMC विधायक रामेंदु सिन्हा राय के खिलाफ लोगों का गुस्सा देखने को मिला। जैसे ही पुलिस उन्हें धानियाखाली थाने लेकर पहुंची, बाहर मौजूद लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने उनपर अंडे भी फेंके। रामेंदु सिन्हा राय तारकेश्वर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। पुलिस उन्हें कर्नाटक के बेलगावी से पकड़कर ट्रांजिट रिमांड पर हुगली लाई है। पूर्व विधायक पर सरकारी राहत सामग्री चुराने और विरोध करने पर हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप है। बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद TMC नेताओं के खिलाफ विरोध का यह छठा मामला है। राज्य में BJP सरकार बनने के बाद TMC नेताओं को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा है। कई नेता गिरफ्तार भी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 11 जून की शाम हुगली जिले के धानियाखाली थाना क्षेत्र स्थित कोटालपुर के विवेकानंद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज से सरकारी सामान बाहर ले जाया जा रहा था।
आरोप है कि रामेंदु सिन्हा राय अपने सहयोगियों के साथ वाहनों में सामान लादकर ले जा रहे थे।
इसी दौरान कुछ स्थानीय भाजपा समर्थकों ने उन्हें रोककर विरोध जताया। पुलिस के मुताबिक, बहस के दौरान सिन्हा राय ने हथियार दिखाकर लोगों को धमकाया और वहां से चले गए।
इसके बाद 12 जून को पुलिस ने सिन्हा राय समेत अन्य लोगों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान कॉलेज परिसर में तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में तिरपाल, कंबल, डस्टबिन समेत अन्य सरकारी सामान बरामद होने का दावा किया गया।
