NEET एग्जाम की वजह से पीएम मोदी ने 45 मिनट एयरपोर्ट पर किया इंतजार, परीक्षा शुरू होने के बाद निकले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET Exam की वजह से एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक इंतजार किया, ताकि स्टूडेंट्स को दिक्कत न होने पाए. पीएम मोदी पश्चिम बंगाल से दिल्ली लौटे. दोपहर 1:15 बजे पीएम मोदी दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे. उन्हें पीएम आवास निकलना था, लेकिन पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर ही कुछ देर तक प्रतीक्षा का फैसला किया. क्योंकि दोपहर 2 बजे नीट परीक्षा शुरू होनी थी. विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए प्रधानमंत्री ने 2 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने आवास के लिए प्रस्थान किया.
अधिकारियों ने बताया कि राजधानी दिल्ली में पीएम के काफिले की वजह से कहीं रुकावट न आए, इसलिए प्रधानमंत्री ये फैसला लिया. क्योंकि यह वो वक्त था, जब स्टूडेंट परीक्षा केंद्रों की ओर बढ़ रहे थे. अगर उन्हें पीएम के काफिले की वजह से कहीं रुकना पड़ता तो परीक्षा छूट सकती थी. क्योंकि पीएम मोदी के काफिले की आवाजाही के लिए कई जगह ट्रैफिक मैनेजमेंट करना पड़ता है.
दोपहर 2 बजे NEET-UG की परीक्षा जब शुरू हो गई, उसके बाद ही पीएम मोदी ने अपने काफिले के साथ पीएम आवास की ओर रवाना हुए. पेपर लीक के आरोपों के बीच पिछली परीक्षा रद्द होने के बाद, पूरे देश में NEET-UG की पुनः परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत आयोजित की जा रही है. भारत में 5,440 केंद्रों और विदेशों में 14 केंद्रों पर 22 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, इसलिए एनटीए ने एनईटी-यूजी के लिए एक व्यापक सुरक्षा नेटवर्क स्थापित किया है.
उधर, पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा आयोजित की गई री-नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर छात्रों के मन में अलग-अलग भावनाएं देखने को मिलीं. एक छात्र ने बताया कि जब पहली बार दोबारा परीक्षा की घोषणा हुई तो वह खुश था, क्योंकि वह अपने पहले प्रयास में सफल नहीं हो पाया था. छात्र ने कहा कि इस बार उसने पूरी तैयारी की है और उसे विश्वास है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगा. एक अन्य अभ्यर्थी ने आईएएनएस से कहा कि परीक्षा रद्द होने की खबर सुनकर उसे काफी दुख हुआ था, क्योंकि उसने इसके लिए दो साल तक कड़ी मेहनत की थी. उसने बताया कि उस निराशा से बाहर निकलने और दोबारा पढ़ाई शुरू करने में काफी समय लगा. हालांकि अब उसका पूरा ध्यान सिर्फ परीक्षा पर है और वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता है.
