तमिलनाडु : अमोनिया गैस लीक होने से 7 महिलाओं की मौत
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक कंपनी में अमोनिया गैस के रिसाव का मामला सामने आया है. हादसे में कम से कम 65 से ज्यादा लोगों के प्रभावित होने की खबर है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे की शिकार हुई 7 महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद राहत बचाव दल की टीमें रेस्क्यू का काम कर रही हैं. गैस रिसाव का यह हादसा रविवार, 21 जून को पेरियापलायम के कनिगईपैर में सेंट पीटर पॉल सीफूड प्रोसेसिंग एंड एक्सपोर्ट कंपनी का है. इंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद सभी वर्करों को इलाज के लिए पास के वेल्स प्राइवेट मेडिकल कॉलेज और वेंकटेश्वर प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया. कथित तौर पर हादसे में 6 लोग बेहोश पाए गए और उनकी हालत अभी भी गंभीर है. 2 लोगों के नाक से खून बहने की भी बातें सामने आई हैं.
