3 युवकों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा, डायल-112 के आरक्षक और चालक को बेरहमी से पीटा

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंची डायल-112 टीम पर हमला कर दिया। भीड़ ने आरक्षक और चालक के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें आरक्षक बेहोश हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 19 जून की रात ग्राम बैकोना निवासी रूपचंद पैकरा (18), रवि पैकरा (16), ओमप्रकाश पैकरा (15) और अरमान पैकरा (17) एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम खजुरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर रामपुर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में रूपचंद, रवि और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम पहले दो घायलों को अस्पताल लेकर गई और फिर अन्य लोगों को ले जाने के लिए दोबारा घटनास्थल पहुंची। इसी दौरान भीड़ ने डायल-112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो और चालक विजय कुमार पटेल पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशित लोगों ने आरक्षक निशांत टोप्पो की वर्दी फाड़ दी और उसे जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। वहीं चालक विजय कुमार पटेल को भी लात-घूंसों से मारा गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि स्थानीय ग्रामीणों को बीच-बचाव कर दोनों को भीड़ से बाहर निकालना पड़ा। बाद में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मारपीट के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की चेकिंग और ट्रक को रोकने की वजह से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से करीब डेढ़ घंटे पहले इसी मार्ग पर ट्रक और कार के बीच टक्कर हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। बाद में वही ट्रक सड़क किनारे खड़ा रहा, जिससे बाइक सवार युवक टकरा गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि डायल-112 की टीम बिना सूचना के कहीं नहीं जाती और उस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश, सिजय पैकरा, नरेश और संतोष पैकरा समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

एसडीओपी अनूप एक्का ने कहा कि डायल-112 कर्मियों के साथ मारपीट गंभीर अपराध है। मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर लगाए जा रहे चेकिंग संबंधी आरोप गलत हैं। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।