यहां लगता है सांपों का ‘कुंभ मेला’, हर साल जमा हो जाते हैं लाखों सांप
लाखों सांप एक साथ जमा होकर गुफाओं, गड्ढों और चट्टानों में रोमांस करते नजर आते हैं. यह दुनिया के सबसे अनोखे वाइल्डलाइफ फेनोमेना में से एक है. मनिटोबा के नार्सिस (Narcisse) इलाके में स्थित सांपों की ये प्रसिद्ध डेंस (गुफाएं) हर साल अप्रैल-मई में सक्रिय हो जाती हैं. यहां रेड-साइडेड गार्टर स्नेक की लाखों संख्या में भीड़ जमा होती है. पूरे साल ये सांप बिखरे रहते हैं, लेकिन प्रजनन के मौसम में वे अपने-अपने ठिकानों से निकलकर एक जगह इकट्ठा हो जाते हैं.
वैज्ञानिकों के अनुसार यह दुनिया का सबसे बड़ा सांपों का प्राकृतिक समागम माना जाता है. एक ही गड्ढे में हजारों सांप आपस में गांठें बनाकर मेटिंग करते दिखते हैं. नर सांप मादा सांप को घेर लेते हैं और एक-दूसरे पर चढ़कर मिलन की कोशिश करते हैं. इस दौरान पूरा क्षेत्र सांपों से पट जाता है. पर्यटक दूर से ही इस नजारे को देखने आते हैं. स्थानीय प्रशासन ने इस जगह को पर्यटन स्थल बना दिया है. यहां व्यूइंग प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं ताकि लोग सुरक्षित दूरी से सांपों को देख सकें. हर साल हजारों पर्यटक और वाइल्डलाइफ प्रेमी यहां पहुंचते हैं. कुछ लोग इसे “सांपों का कुंभ मेला” भी कहते हैं. सांपों की इस प्रजाति में मादा सांप कम संख्या में होती हैं. इसलिए नर सांप मादा को पाने के लिए आपस में होड़ करते हैं. कभी-कभी एक मादा सांप पर 100 से ज्यादा नर सांप चढ़े दिख जाते हैं. यह दृश्य बेहद डरावना और आकर्षक दोनों होता है.
मनिटोबा का यह क्षेत्र सांपों के लिए आदर्श है क्योंकि यहां सर्दियों में गहरी गुफाएं उपलब्ध हैं जहां सांप हाइबरनेशन (सोहना) करते हैं. वसंत में जब तापमान बढ़ता है तो वे बाहर निकलते हैं, मेटिंग करते हैं और फिर अपने-अपने इलाकों में बिखर जाते हैं. सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं— “ये तो सांपों का स्वर्ग है”, “देखकर ही डर लग रहा है”, “प्रकृति कितनी अनोखी है”. कुछ यूजर्स मजाक भी उड़ा रहे हैं कि “सांपों को भी मेला लगाना आता है”. विशेषज्ञ बताते हैं कि गार्टर स्नेक जहरीले नहीं होते हैं. इनका काटना इंसानों के लिए खतरनाक नहीं है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या देखकर किसी की भी हिम्मत जवाब दे सकती है. इन सांपों का रंग काला होता है और शरीर पर लाल या पीले धब्बे दिखते हैं, जिस वजह से उन्हें रेड-साइडेड गार्टर स्नेक कहा जाता है. कनाडा सरकार और स्थानीय वाइल्डलाइफ विभाग इस जगह की सुरक्षा और संरक्षण पर खास ध्यान देते हैं. यहां सांपों को परेशान करने या पकड़ने पर भारी जुर्माना लगाया जाता है.
