ICC का बड़ा कदम, प्रेग्नेंट महिला खिलाड़ियों के जारी की नई गाइडलाइंस !

ICC ने महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेग्नेंसी के बाद खेल में वापसी को आसान बनाने के उद्देश्य से नई गाइडलाइन जारी की है। इस छह-स्तरीय योजना के तहत खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, मेडिकल रिकवरी, यात्रा और बच्चों की देखभाल से जुड़ी सहायता मिलेगी। खेल कोई भी हो, एक महिला एथलीट के लिए बच्चे को जन्म देना और उसके बाद वापसी करना कभी आसान नहीं होता है. क्रिकेट में अब आईसीसी ने इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत महिला खिलाड़ी अब प्रेग्नेंसी के बाद आसानी से क्रिकेट के मैदान में वापसी कर सकेंगी. इसके लिए आईसीसी ने छह चरणों वाली एक गाइडलाइन जारी की है. इससे बच्चे को जन्म देने के बाद महिला खिलाड़ियों का करियर प्रभावित नहीं होगा और उन्हें वापसी के लिए हर संभव मदद मिलेगी.

आईसीसी की गाइडलाइन के अनुसार, क्रिकेट बोर्ड खिलाड़ी के लिए एक विशेष मैनेजर नियुक्त करेगा. यह मैनेजर खिलाड़ी की हर संभव सहायता करेगा. इसमें खिलाड़ी की ट्रेनिंग को लचीला बनाना, बच्चों की देखभाल और यात्रा में मदद करना शामिल होगा. इसके अलावा बच्चे के जन्म के बाद मेडिकल अवकाश और रिकवरी के लिए भी हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. आईसीसी की मेडिकल कमेटी ने इस गाइडलाइन को मंजूरी दी है और ऑस्ट्रेलिया की डॉक्टर फिलिप्पा इंगे इस पहल की अगुवाई करती नजर आएंगी. इसका मुख्य उद्देश्य यही है कि खिलाड़ी प्रेग्नेंसी के बाद सफलतापूर्वक खेल में वापसी कर सके.

आईसीसी ने जो छह चरण तय किए हैं, उनमें रेडी (तैयार), रिव्यू (समीक्षा), रिस्टोर (बहाली), रीकंडीशन (फिर से तैयार होना), रिटर्न (वापसी) और रिफाइन (बेहतर बनाना) शामिल हैं. इन चरणों के जरिए कोई भी महिला खिलाड़ी मां बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकेगी.

इस मुहिम का वेस्टइंडीज की क्रिकेटर एफी फ्लेचर ने खुलकर स्वागत किया. वह साल 2021 में मां बनी थीं और आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि यह बहुत ही सराहनीय कदम है कि मां बनने के बाद खिलाड़ियों को आईसीसी से समर्थन मिलेगा. इस पहल से और भी महिलाएं आगे बढ़कर इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित होंगी.