सिक्योरिटी को चकमा देकर जॉन अब्राहम से मिलने पहुंचा फैन, बॉडीगार्ड ने पकड़ा तो एक्टर ने रोककर मुलाकात की

बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम से मिलने के लिए एक फैन स्टेज पर पहुंच गया। यह घटना तब हुई, जब रविवार यानी 21 जून को वर्ल्ड मोटरसाइकिल डे के मौके पर वह बेंगलुरु में आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए। इवेंट के दौरान जॉन ने बाइक पर एंट्री ली और वहां मौजूद लोगों से बाइक्स के प्रति अपने लगाव के बारे में बात की। इवेंट के दौरान एक फैन सिक्योरिटी को चकमा देकर स्टेज पर जॉन से मिलने पहुंच गया। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि फैन के स्टेज पर पहुंचते ही एक बॉडीगार्ड ने उसे पकड़कर नीचे ले जाने की कोशिश की। इस दौरान जॉन अब्राहम ने बॉडीगार्ड को रोकने की कोशिश की और फैन से कुछ देर मुलाकात की।

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने जॉन के व्यवहार की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “जॉन सच में जमीन से जुड़े इंसान हैं।” दूसरे ने लिखा, “जॉन बहुत अच्छे इंसान हैं।” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “आप इंसानियत, दयालुता और अपने फैंस के लिए प्यार की मिसाल हैं। आपने अपने फैन का दिन बना दिया।”

जॉन अब्राहम आखिरी बार फिल्म ‘तेहरान’ में नजर आए थे, जो पिछले साल 14 अगस्त को ओटीटी पर रिलीज हुई थी।

वहीं, इससे पहले वह फिल्म ‘द डिप्लोमैट’ में नजर आए थे। यह फिल्म 14 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का कुल बजट लगभग 20 करोड़ रुपए था। वहीं, दुनिया भर में इसकी कुल कमाई लगभग 51.46 करोड़ रुपए रही थी।