मेसी के फुटबॉल वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 18 गोल, जर्मनी के क्लोजा का रिकॉर्ड तोड़ा

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी ने पहले अपना 17वां गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजा (16 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ा और फिर मैच के आखिरी में एक और गोल कर इसे 18 तक पहुंचा दिया। मेसी ने डलास स्टेडियम में 39वें मिनट में फील्ड गोल लगाकर इतिहास रचा। इसके बाद इंजरी टाइम (95वें मिनट) में उन्होंने दूसरा गोल दागकर अर्जेंटीना की 2-0 की जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ-32 में भी जगह बना ली। 38 साल के मेसी ने पिछले मैच में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। मौजूदा टूर्नामेंट में उनके सबसे ज्यादा 5 गोल हो गए हैं। मेसी के बाद 3 गोल के साथ जर्मनी के डेनिज उंडाव हैं।

मेसी के पास नौवें मिनट में ही रिकॉर्ड बनाने का मौका था। लॉटारो मार्टिनेज पर ऑस्ट्रियाई डिफेंडरों के फाउल के बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन मेसी शॉट को पोस्ट के बाहर मार बैठे। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा तीन पेनल्टी मिस करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले घाना के असामोआ ग्यान ने दो पेनल्टी मिस की थीं। पेनल्टी चूकने के बाद 18वें मिनट में मेसी को एक और मौका मिला, लेकिन ऑस्ट्रियाई डिफेंडरों ने शॉट ब्लॉक कर दिया। ऑस्ट्रिया के गोलकीपर डेविड अलाबा ने भी एक मौके पर गोललाइन के पास शानदार बचाव किया।

39वें मिनट में अर्जेंटीना के थियागो अल्माडा ने बाईं ओर फाकुंडो मेडिना को पास दिया। मेडिना ने गेंद बॉक्स के किनारे खड़े मेसी तक पहुंचाई और कप्तान ने शानदार लेफ्ट फुटेड शॉट लगाकर गेंद को निचले कोने में पहुंचा दिया। यह मेसी का वर्ल्ड कप में 17वां गोल था, जिसके साथ उन्होंने मिरोस्लाव क्लोजा को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मैच के 95वें मिनट में अर्जेंटीना ने काउंटर अटैक किया। स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज का शॉट बच गया, लेकिन रिबाउंड पर मेसी ने दो डिफेंडरों के बीच से गेंद गोल में पहुंचा दी। 90+5वें मिनट में आया यह गोल उनका मैच का दूसरा और टूर्नामेंट का पांचवां गोल था।

मेसी अब लगातार 6 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जायरजिन्हो के रिकॉर्ड की बराबरी की। मेसी ने पांच दिन पहले अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना की 3-0 की जीत में हैट्रिक लगाई थी। उन्होंने 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागे थे। यह वर्ल्ड कप में उनके करियर की पहली हैट्रिक थी।

इसी के साथ वह वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 2018 वर्ल्ड कप में 33 साल की उम्र में हैट्रिक लगाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ा था। मेसी के नाम अब 11 इंटरनेशनल हैट्रिक हैं।