वेनेजुएला और जापान ही नहीं जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके

दुनियाभर की कई जगहें गुरुवार को भूंकप के झटकों से हिल गईं. वेनेजुएला और जापान में आए तेज भूकंप के साथ ही भारत के जम्मू-कश्मीर में भी धरती हिल गई. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 मापी गई है. हालांकि इसकी वजह से किसी तरह के नुकसान की कोई खबर अब तक सामने नहीं आई है.

हालांकि दक्षिण अमेरिका के वेनेजुएला में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले 2 भूकंप से बड़ी तबाही हुई है. लगभग एक मिनट के गैप में दो जबरदस्त भूकंप से राजधानी काराकस में इमारतें ढह गईं और भी काफी नुकसान हुआ है. इसे पिछले 100 सालों से ज्यादा सालों में देश में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है. वहीं जापान में भी 6.9 तीव्रता वाला भूकंप महसूस किया गया.

वेनेजुएला का भूकंप इतना शक्तिशाली था कि 22 मंजिला इमारत तक ताश के पत्तों की तरह ढह गई. बुधवार शाम (स्थानीय समयानुसार) वेनेजुएला के एक ही इलाके में 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले दो तेज भूकंप आए. इन झटकों से कई इमारतें ढह गईं. राजधानी कराकास में अफरा-तफरी मचते ही लोग डरकर घरों से सड़कों पर निकल आए.

बता दें कि नेपाल की धरती भी गुरुवार तड़के 3.8 तीव्रता वाले भूकंप से हिल गई. इसका समय IST 5 बजकर 21 मिनट 43 सेकंड रहा. नेपाल के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र हुमला जिले में रविवार को भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 थी. दोपहर 2:32 बजे आए इस भूकंप का केंद्र हुमला जिले के श्रीनगर क्षेत्र में स्थित था. हालांकि इससे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ था.