राजस्थान में तेज बारिश, पानी भरने से गाड़ियां फंसीं, यूपी में आंधी से पोल गिरे, कारें दबीं, दिल्ली में आंधी-बारिश
देश के 6 राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। यूपी के आगरा में बुधवार को आंधी से सड़क किनारे खड़ी कारों पर पोल गिर गया। दो कारों का पिछला हिस्सा दब गया। राजस्थान के सीकर और चूरू के कई इलाकों में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे बाइक-कारें फंस गईं। दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बादल फटने से काचरंग नाला में बाढ़ आ गई। मुंबई में अंधेरी सब-वे में पानी भरने के बाद इसे अस्थाई तौर पर बंद किया गया था। विक्रोली वेस्ट में रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़े, जिसकी चपेट में आने से वाहनों को नुकसान पहुंचा। अरुणाचल प्रदेश में एक हफ्ते से हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को कीयी पन्योर जिले की नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 4 लोग लापता हैं और 18 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को मानसून ने 9 दिन की देरी से एंट्री की। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों में पहुंच चुका है। 5 जुलाई तक बाकी राज्यों को भी कवर कर सकता है।
