सैलरी के मामले में एलन मस्क के ठीक पीछे खड़ा है यह भारतीय सीईओ, हर दिन कमा रहा 21 करोड़
दुनिया में सबसे अधिक वेतन पाने वाले अधिकारियों की ग्लोबल लिस्ट में टेस्ला सीईओ और दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क पहले पायदान पर हैं. सीईओ के रूप में एलन मस्क को टेस्ला से 158.4 अरब डॉलर का पैकेज मिला है. इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं भारतवंशी शंख मित्रा. अमेरिका की मशहूर कंपनी ‘वेलटॉवर’ (Welltower) के सीईओ शंख मित्रा (Shankh Mitra) का पैकेज 821 मिलियन डॉलर यानी 7775 करोड़ रुपये है. अगर इस जादुई आंकड़े को दिनों के हिसाब से समझें, तो शंख मित्रा हर दिन के हिसाब से लगभग ₹21 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर रहे हैं.
वेलटॉवर (Welltower) कोई आम कंपनी नहीं है, बल्कि यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए आलीशान आवास (Senior Housing) और हेल्थकेयर से जुड़ी संपत्तियों का मैनेजमेंट करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी रियल एस्टेट निवेश कंपनियों (REIT) में से एक है. साल 2020 में कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में शंख मित्रा को कंपनी की कमान मिली थी. उन्होंने अपने डेटा-आधारित सटीक निवेश और रणनीतिक फैसलों के दम पर कंपनी को घाटे से निकालकर मुनाफे में ले आए. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शंख मित्रा को मिलने वाले इस भारी-भरकम पैकेज का 99 फीसदी हिस्सा कैश सैलरी के रूप में नहीं है, बल्कि उन्हें ‘स्टॉक ग्रांट’ यानी कंपनी के शेयरों के रूप में दिया गया है. इसमें पिछले साल अक्टूबर में दिए गए 789 मिलियन डॉलर के शेयर भी शामिल हैं. जैसे-जैसे कंपनी का कारोबार बढ़ रहा है, वैसे-वैसे मस्क की ही तरह मित्रा के इन शेयर्स की वैल्यू भी बढ़कर अब 1 अरब डॉलर से अधिक हो चुकी है.
हर दिन ₹21 करोड़ घर ले जाने के लिए कंपनी ने उनके सामने कुछ बेहद कड़ी शर्तें भी रखी हैं. इस अवॉर्ड से जुड़े शेयरों का लगभग आधा हिस्सा शंख मित्रा को साल 2031 में तब मिलेगा, जब वे लगातार कंपनी के साथ बने रहेंगे. बाकी बचा आधा हिस्सा उन्हें तभी मिल पाएगा जब अगले पांच वर्षों में वेलटॉवर का मार्केट कैप कम से कम 45 फीसदी की रफ्तार से बढ़े और कंपनी का शेयर बाजार के कई प्रमुख सूचकांकों को पछाड़कर नंबर वन साबित हो.
शंख मित्रा ने कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी से इंस्ट्रूमेंटेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में अपनी बीई (B.E) की डिग्री ली थी. इसके बाद वे अपने सपनों को पूरा करने अमेरिका चले गए और वहां कोलंबिया बिजनेस स्कूल से एप्लाइड वैल्यू इन्वेस्टिंग में एमबीए किया. शंख मित्रा ने पांच साल से अधिक समय तक प्राइसवाटरहाउसकूपर्स (PwC) में काम किया. इसके बाद उन्होंने इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में कदम रखा और फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स और सिटाडेल जैसे दिग्गज वित्तीय ग्रुप्स में पोर्टफोलियो मैनेजमेंट संभाला.
साल 2016 में वे एक सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में वेलटॉवर से जुड़े थे. सिर्फ 4 साल के भीतर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) से होते हुए 2020 में कंपनी के सर्वोच्च पद पर जा बैठे. आज वे अमेरिका की किसी भी लिस्टेड रियल एस्टेट निवेश कंपनी का नेतृत्व करने वाले सबसे महंगे और इकलौते भारतीय मूल के ग्लोबल लीडर बन चुके हैं.
