भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया, विमेंस वर्ल्डकप में सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम, शेफाली का अर्धशतक
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को कायम रखा। गुरुवार को मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन बनाए। जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा के अर्धशतक की बदौलत 16.5 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों में 53 रन की पारी खेली। जेमिमा रोड्रिग्स ने 26 और यास्तिका भाटिया ने 23 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 13 रन बनाकर नाबाद रहीं।
बांग्लादेश की ओर से ऋतु मोनी ने 2 विकेट लिए, जबकि मरुफा अख्तर, राबेया खान और नाहिदा अख्तर को 1-1 सफलता मिली। भारत ने यह मुकाबला 19 गेंद बाकी रहते जीत लिया। इससे पहले, बांग्लादेश की ओर से जुआरिया फिरदौस (33) और कप्तान निगार सुल्ताना (32) ने अहम पारियां खेलीं। भारत ने शुरुआती ओवरों में चार कैच छोड़े, लेकिन बाद में वापसी की। राधा यादव ने 3, श्री चरणी ने 2, जबकि रेणुका सिंह और नंदिनी शर्मा ने 1-1 विकेट लिया। भारत पॉइंट्स टेबल में 3 जीत के साथ 6 पॉइंट्स लेकर दूसरे स्थान पर बना हुआ है। अगला मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है। भारतीय टीम अगर आखिरी लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो उसकी सेमीफाइनल में एंट्री लगभग पक्की हो जाएगी।
