गुरुजी ने स्कूल को बनाया अहाता : दिन दहाड़े पी रहे थे शराब, कैमरे में हुए कैद, VIDEO

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम तेलियापानी लेदरा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। आरोप है कि शिक्षक सुरेश कुमार नेताम को स्कूल परिसर में शराब पीते हुए देखा गया। गौरतलब है कि, शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधि ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार लापरवाही के मामलों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से जिला शिक्षा अधिकारियों की जवाबदेही भी कटघरे में है। वहीं 22 जून को जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड में पदस्थ एक शिक्षक और शिक्षिका से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो को लेकर अभिभावकों, ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने चिंता व्यक्त की है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें एक शिक्षक और शिक्षिका के आपत्तिजनक स्थिति में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अब तक प्रशासन या शिक्षा विभाग की ओर से वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। अभिभावकों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि स्कूलों का वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

इस बीच, शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रारंभिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी और तथ्यात्मक जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अटकलों से बचने की अपील की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि संबंधित वीडियो विभाग के संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। यदि जांच में वीडियो और उससे जुड़े दावे सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।