नशे में ड्राइवर ने 12 साल की बच्ची को रौंदा, बैरिकेड्स तोड़कर 120 की रफ्तार से भगाई ट्रक, पुलिस ने 55 किमी पीछा कर पकड़ा
छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के गुंडरदेही गांव में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छठवीं की छात्रा पूनम (12) को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर तेजी से फरार हो गया। हादसे के बाद नशे में धुत चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर लोगों की जान जोखिम में डालते हुए भागता रहा। पुलिस के अनुसार आरोपित चालक ने लगभग 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक दौड़ाया। इस दौरान उसने मोहला और मानपुर में पुलिस की दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया। करीब 55 किलोमीटर तक पुलिस की कई गाड़ियां उसका पीछा करती रहीं। आखिरकार कोरकोट्टी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देवी सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के समय वह नशे की हालत में था। उसके खिलाफ अंबागढ़ चौकी थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक कक्षा छठवीं की छात्रा पूनम (12) पिता राजेश हल्बा सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। रास्ते में उसने भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी तेज रफ्तार में ट्रक निकाला, जिससे कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई।
अंबागढ़ चौकी पुलिस ने सबसे पहले ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका। इसके बाद मोहला और मानपुर में बैरिकेडिंग लगाई गई। आरोपित ने दोनों जगह बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिस जवानों की जान भी खतरे में डाल दी। लंबे पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे कोरकोट्टी में गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद गुंडरदेही गांव के ग्रामीणों ने बालिका का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई। प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर शाम बालिका का अंतिम संस्कार किया गया।
