दिग्गज निर्देशक के. भाग्यराज का निधन, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी लाजवाब स्क्रिप्ट राइटिंग, बेहतरीन निर्देशन और कमाल की अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज फिल्ममेकर कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. सिनेमा जगत में ‘पटकथा का जादूगर’ माने जाने वाले भाग्यराज के जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. के. भाग्यराज के निधन पर दुख जताते हुए मशहूर निर्देशक एम. राजेश ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट साझा किया. उन्होंने लिखा, ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे, दिग्गज के. भाग्यराज सर. आपकी अनूठी कहानी कहने की कला, गजब के ह्यूमर और सदाबहार पटकथाओं ने लेखकों और निर्देशकों की कई पीढ़ियों को प्रेरित करने का काम किया है. आपकी यह शानदार विरासत आपकी यादगार फिल्मों और उन अनगिनत फिल्म निर्माताओं के माध्यम से हमेशा जीवित रहेगी जिन्हें आपने प्रभावित किया है. ओम शांति, सर’

7 जनवरी 1953 को तमिलनाडु में जन्मे के. भाग्यराज ने अपने करियर में 75 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. वे सिर्फ एक अभिनेता या निर्देशक नहीं थे, बल्कि उन्हें स्क्रीनप्ले का मास्टर माना जाता था. उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वे गंभीर सामाजिक मुद्दों को भी बेहद हल्के-फुल्के और मजेदार ह्यूमर के साथ पर्दे पर उतारते थे. यही वजह थी कि उनकी फिल्में हर वर्ग के दर्शकों को बेहद पसंद आती थीं.