मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में अँधेरा : ढाई लाख का बिल नहीं पटाने पर काट दी बिजली

रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस छात्रों के अस्थ्यायी हॉस्टल का ढाई लाख रुपए का बिजली बिल नहीं पटाने की वजह से बिजली काट दी गई। दो दिन से लाइट गुल होने की वजह से यहां रहने वाले चिकित्सा छात्रों को उमस भरी गर्मी के बीच समय गुजारना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने की वजह से पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण उनकी परेशानी दोगुनी हो गई है।

पिछले साल दिसंबर में हॉस्टल को लेकर प्रदर्शन के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग से मिली सहमति के बाद कॉलेज प्रबंधन ने शांति नगर में एक भवन को किराए पर लेकर उसे हास्टल बनाया है। यहां एमबीबीएस के प्रथम से लेकर अंतिम वर्ष तक के करीब 100 छात्रों के रहने की व्यवस्था है। गुरुवार को हॉस्टल की बिजली गुल हो गई। शुरुआत में वहां रहने वाले छात्र इसे नियमित समस्या मानते रहे, मगर लंबे समय तक लाइट वापस नहीं आने पर विद्यार्थियों ने इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की।

पतासाजी करने पर बात सामने आई कि इस अस्थायी हॉस्टल का बिजली बिल जो करीबन ढाई लाख रुपए है, पटाया नहीं गया है। बड़ी रकम की पेंडेंसी को देखते हुए विद्युत विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए हॉस्टल की विद्युत लाइन ही काट दी। उमस भरी गर्मी में दिन और रात गुजारना चिकित्सा छात्रों को भारी पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली नहीं होने की वजह से वहां पानी का संकट भी हो गया है, जो यूजी छात्रों की परेशानी को दोगुना करता रहा है।

मेडिकल कॉलेज परिसर में चिकित्सा छात्रों (यूजी) के लिए हास्टल बनाया जा रहा है। करीब तीन साल पहले शुरू हुआ कालेज काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। हास्टल नहीं होने की वजह से पूर्व में यहां पढ़ाई करने वाले एमबीबीएस छात्रों को किराए के मकान में रहना पड़ता था। छात्रों को इसके लिए जेब से पैसे देने पड़ते थे। इसे लेकर प्रदर्शन भी हुआ था, जिसके बाद कालेज प्रबंधन शासन के निर्देश पर भवन की तलाश तेज की और दिसंबर में 120 सीटर सुविधायुक्त भवन को ओके किया गया था।

अनुबंधित छात्रावास वार्डन डॉ. प्रशांत जायसवाल ने बताया कि, अवकाश होने की वजह से भवन के ऑनर बिजली का बिल नहीं पटा पाए थे। इसकी वजह से लाइन काट दी गई थी, समस्या का समाधान कर लिया गया है।