नकटी गांव में 80 घर तोड़े जा रहे, जेसीबी के सामने खड़ी होकर रोईं महिलाएं
रायपुर के माना इलाके के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए आज सुबह से 80 घर तोड़े जा रहे हैं, जिसमें पीएम और इंदिरा आवास के 32 घर भी शामिल हैं। प्रशासन ने रविवार देर रात से ही यहां 1000 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात कर दिए थे। सुबह जैसे ही टीम जेसीबी लेकर पहुंची, तो लोग मशीनों के सामने खड़े हो गए, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच भारी धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। कार्रवाई के दौरान ऐसी तस्वीरें सामने आईं जहां लोग घरों के सामने सामान निकाल कर बैठे दिखे, तो टूटे मकानों के मलबे पर एक बुजुर्ग मासूम को गोद में लेकर बेबस नजर आए। इस भारी बवाल के बीच प्रशासन ने दावा किया है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तैयारी शुरू कर दी गई है और उन्हें नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) मकानों में बसाने के लिए आवंटन प्रक्रिया जारी है।
नकटी गांव में चल रही बेदखली की कार्रवाई के बीच जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था शुरू कर दी है।
एसडीएम ने बताया कि कुल 75 प्रभावित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में अस्थायी और स्थायी रूप से बसाने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए मकान आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
