बंगाल में पेट्रोकेमिकल्स की पाइपलाइन में आग, 15 झुलसे, 2 की हालत गंभीर
पश्चिम बंगाल के हल्दिया में सोमवार देर रात 2:45 बजे नेफ्था सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में ब्लास्ट के बाद आग गई। इसकी चपेट में हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 के चिरंजीबपुर इलाके के कई घर आ गए। घटना में 15 लोग झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, सभी पीड़ितों को हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में एडमिट कराया गया। 5 को तमलुक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया। इनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर है। आग बुझाने में 12 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जुटी हुई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आग सबसे पहले हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नेफ्था पाइपलाइन में दिखी। कुछ ही देर में आग आसपास के रिहायशी इलाके तक फैल गई। साउथ रेलवे के मुताबिक जहां आग लगी उसके पास से हल्दिया और दुर्गाचक लाइन गुजरी है। फिलहाल ट्रेन सर्विस रोकी गई है। पुलिस के मुताबिक पाइपलाइन में आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल सका है। पूरा इलाका कवर किया गया है। आग के कारण घटनास्थल के पास रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन के इक्विपमेंट भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
घटना पर हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स ने बयान जारी किया है। कंपनी ने कहा- हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है और कंपनी प्रभावित लोगों व प्रशासन को हरसंभव सहयोग दे रही है। कंपनी के अनुसार, शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि यह घटना प्लांस के पास नैफ्था की चोरी वाले स्थान के आसपास हुई हो सकती है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि सिल्पा प्रवेश गेट के पास गैस पाइप फटने के कारण मंगलवार सुबह 5:20 बजे से हल्दिया और दुर्गाचक के बीच रेल सर्विस रोकी गई है।
38052 (हल्दिया-हावड़ा) लोकल आज के लिए रद्द है।
38051 (हावड़ा-हल्दिया) लोकल को दुर्गाचक तक ही चलाया गया।
38054 (हल्दिया-पांसकुड़ा) लोकल की शुरुआत हल्दिया की बजाय दुर्गाचक से कराई गई।
