सरगुजा में आकाशीय बिजली गिरने से 2 बच्चों समेत 3 लोगों की मौत, बहन झुलसी
सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में सोमवार की शाम करीब 4.30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 5 वर्षीय मासूम, 9वीं की छात्रा समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 वषीय मासूम की बड़ी बहन झुलस गई। घटना के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवा चल रही थी। इस दौरान स्कूल मैदान में लगे पेड़ से गिर रहे आम को तीनों बच्चे बीन रहे थे। इसी दौरान वहां अचानक आकाशीय बिजली आ गिरी। इसकी चपेट में तीनों बच्चे समेत पास में ही मवेशी चरा रहा युवक आ गया। घटना में 2 बच्चे व युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गई। इस हृदयविदारक घटना में बच्चों व युवक की मौत से उनके परिजन समेत गांव में मातम पसर गया है।
सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमकी के खुटीपारा में सोमवार की शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने लगी। इस दौरान गांव का ही रामसाय बरगाह पिता टिरकू 36 वर्ष स्कूल मैदान के पास मवेशी चरा रहा था।
जबकि 5 वर्षीय सागर पिता राजनाथ व उसकी 12 वर्षीय बहन श्रद्धा तथा बलरामपुर जिले के डवरा चौकी अंतर्गत ग्राम दुप्पी निवासी 9वीं की छात्रा रानी पिता मोहरसाय 14 वर्ष स्कूल मैदान में लगे आम पेड़ के नीचे खड़े थे। तेज हवा चलने के कारण आम गिरने लगे तो तीनों बच्चे बीनने लगे। इसी दौरान वहां तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली आ गिरी।
इसकी चपेट में सागर, श्रद्धा और रानी समेत मवेशी चरा रहा रामसाय आ गए। घटना में मासूम सागर, छात्रा रानी और रामसाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई। खबर मिलते ही गांव के लोग स्कूल मैदान में पहुंचे और सभी को स्थानीय धौरपुर अस्पताल में लाया गया।
यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने सागर, रानी व रामसाय को मृत घोषित कर दिया। जबकि श्रद्धा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
आकाशीय बिजली गिरने की घटना में 2 बच्चों व युवक की मौत से उनके परिजनों व गांव में मातम पसर गया है। बच्चों का शव देख माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना में मृत 9वीं की छात्रा अपने गांव से रिश्तेदार के घर घूमने आई थी। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गई।
