शराब ने परिवार की खुशियां छीन ली! शराबी पति को पत्नी ने खंभे से बांधा

बालाघाट में शराब दुकान के विरोध में चल रहा महिलाओं का आंदोलन अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. बुढ़ी इलाके में पिछले करीब 80 दिनों से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी महिलाओं के बीच उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला ने अपने ही शराबी पति को खंभे से बांध दिया. खंभे से बांधे गए व्यक्ति की पहचान संजू चौधरी के रूप में हुई है, जबकि उन्हें बांधने वाली उनकी पत्नी हैं. महिला का आरोप है कि शराब ने उसके परिवार की खुशियां छीन ली हैं और जब वह खुद शराबबंदी की लड़ाई लड़ रही है, तब उसका पति शराब पीकर आंदोलन की भावना को कमजोर कर रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बालाघाट के बुढ़ी क्षेत्र में करीब 45 वर्षों से संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन लगातार जारी है. महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से परिवार बिखर रहे हैं, घरेलू हिंसा बढ़ रही है और मेहनत की कमाई नशे में बर्बाद हो रही है. इसी दौरान शराब के नशे में पहुंचे संजू चौधरी को उनकी पत्नी ने सार्वजनिक रूप से खंभे से बांध दिया.

आरोप है कि संजू चौधरी महिलाओं के आंदोलन के बीच अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे, जिसके बाद महिलाओं ने उनके मुंह पर टेप भी चिपका दी. काफी देर तक चले इस विवाद के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, समझाइश देकर संजू चौधरी को छुड़ाया और मामला शांत कराया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस संबंध में विरोध प्रदर्शन कर रही अन्य महिलाओं का कहना है कि जब तक शराब दुकान हटाई नहीं जाती उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा.

महिलाओं का आरोप है कि शराब के कारण युवाओं और परिवारों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, इसलिए वे दुकान को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं. महिलाओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक शराब दुकान को वहां से नहीं हटाया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा.