मानसून ने पूरे छत्तीसगढ़ को किया कवर : 3 जुलाई से पूरे प्रदेश में शुरू होगा भारी बारिश का दौर
रायपुर। पिछले पांच दिन से कोरिया के आसपास अटके मानसून ने प्रदेश के पूरे हिस्से को कव्हर कर लिया। मानसून द्रोणिका के साथ तीन सिस्टम के बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होने के बाद अब बारिश की गतिविधि बढ़ने के आसार हैं। तीन जुलाई से रायपुर समेत मध्य हिस्से में वर्षा की गतिविधि में इजाफा होने की प्रबल संभावना बन रही है। प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में मानसून की गतिविधि दिखाई पड़ी है और बस्तर तथा सरगुजा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि, जुलाई की शुरुआत के साथ प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में बढ़ोतरी होगी। अभी एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास 3 जुलाई को बनने की संभावना है। इसके असर से इस तारीख से रायपुर समेत मध्य क्षेत्र में हल्की से मध्यम और एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार बन रहे हैं। मंगलवार को राज्य में बारिश की गतिविधि होती रही।
राजधानी में शाम होने के बाद काले बादल छाए, जो बूंदाबांदी के साथ कई इलाकों में रात बरसते रहे। बादलों की सक्रियता बढ़ने की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है। बुधवार को राज्य के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्व में स्थित जिले के साथ बस्तर संभाग के जिले हो सकते हैं। राज्य में वर्षा की गतिविधि अगले 5 दिनों तक लगातार रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले चौबीस घंटे में कुसमी में 9 सेमी., पखांजूर में 7, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी, टुंड्रा में 5-5. शिवरीनारायण, कोटा, दंतेवाड़ा में 4-4, पौडी उपरोरा, गीदम, सामरी, दोरनापाल में 3-3 सेमी. तथा अन्य दर्जनभर से ज्यादा इलाकों में 2 से एक सेमी. तक बारिश दर्ज की गई है।
