दुर्ग में जल संसाधन विभाग का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार

दुर्ग में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जल संसाधन विभाग के सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, विभाग में पदस्थ कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के लिए अपने सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से 5 लाख रुपए निकालने के लिए आवेदन किया था।

इसके एवज में सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी बाबू को 10 हजार रुपए दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि रायपुर से पहुंची ACB की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल आरोपी को दुर्ग स्थित सर्किट हाउस लाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। रिश्वत मांगने या लेने वाले किसी भी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल ACB को दें, ताकि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।