बैंक कर्मचारी हुआ साइबर ठगी का शिकार! क्रिप्टो में 30% प्रॉफिट का झांसा देकर ठगे 27.55 लाख

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से साइबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां खुद पैसों का हिसाब-किताब रखने वाले एक बैंक कर्मचारी को शातिर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। क्रिप्टों करेंसी में निवेश पर 30 फीसदी मोटा मुनाफा कमाने के लालच में आकर बैंककर्मी ने अपने जीवन की जमापूंजी के 27 लाख 55 हजार रुपए गंवा दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अब बैंक खातों और मोबाइल डिटेल्स के आधार पर जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित पुनीत तिवारी भोपाल में एक बैंक में कार्यरत हैं। गत 25 मई के बाद से शातिर साइबर ठगों ने उनसे लगातार संपर्क साध रखा था। ठगों ने उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर बड़ा रिटर्न पाने का झांसा दिया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने पुनीत से एक खास मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और उसमें कुछ राशि निवेश करवाई। शुरुआत में ठगों ने ऐप पर लगातार फर्जी मुनाफा दिखाया, जिससे पुनीत का भरोसा मजबूत हो गया।

ऐप पर दिख रहे तगड़े मुनाफे से प्रभावित होकर पुनीत तिवारी ने बड़ी रकम निवेश करने का मन बना लिया। उन्होंने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग 9 बैंक खातों में कुल 27 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि जिन खातों में यह रकम भेजी गई है, उनमें से 5 खाते मुंबई के, 1 खाता पुणे का और 3 खाते अन्य राज्यों के हैं। जब पुनीत ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो ठगों ने संपर्क तोड़ लिया और ऐप पर दिख रहा मुनाफा भी गायब हो गया।

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित बैंककर्मी पुनीत तिवारी ने तुरंत ‘ई-जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब इस मामले की डायरी और शिकायत को भोपाल के जहांगीराबाद थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जहांगीराबाद पुलिस और साइबर सेल की टीम उन 9 संदिग्ध बैंक खातों की डिटेल और ठगों के मोबाइल नंबरों को खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।