PF का ब्याज आज से मिलेगा, 7.5 करोड़ EPF खाताधारकों के खाते में 15 दिन में आएंगे पैसे
देश के सरकारी हों या प्राइवेट, देश करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए गुड न्यूज है. PF के ब्याज पर बड़ी खबर आई है. अगर आप भी देश के 7.5 करोड़ PF सब्सक्राइबर्स में शामिल हैं तो ये खबर आपके लिए भी जरूरी है. अधिकारिक सूत्रों ने NDTV को बताया है कि PF का ब्याज आज से लोगों के खाते में आना शुरू हो जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक, अगले 15 दिनों में सभी PF सब्सक्राइबर्स के खाते में ब्याज की राशि डालने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. सभी PF खाताधारकों को 8.25% की दर से ब्याज की राशि दी जाएगी.
सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% की दर से ब्याज देने का फैसला लिया है. पिछले दिनों EPFO की ओर से ये जानकारी दी गई थी. अमूमन ज्यादातर लोग यही मानकर चलते हैं कि 31 मार्च 2026 तक जिन लोगों के PF खाते में कुल 10 लाख रुपये जमा होंगे, उन्हें 8.25% की दर से 82,500 रुपये मिलेंगे. इसी तरह जिनके PF खाते में 20 लाख रुपये जमा होंगे, उन्हें ब्याज के तौर पर एकमुश्त 1.65 लाख रुपये मिलेंगे. इस तरह 5 लाख वालों के खाते में भी 41,250 रुपये जुड़ जाएंगे.
अगर आप भी ऐसा सोचते हैं तो आपका कैलकुलेशन गलत है. PF का कैलकुलेशन इतना सीधा-सीधा नहीं है. PF अकाउंट में ब्याज का कैलकुलेशन हर महीने के रनिंग बैलेंस पर तो होती है. हालांकि ये हर वित्तीय वर्ष के आखिर में 31 मार्च को कैलकुलेट कर क्रेडिट किया जाता है.
EPFO आपके PF के ब्याज का कैलकुलेशन हर महीने के क्लोजिंग बैलेंस पर करता है. सरकार चूंकि सालाना ब्याज दर का ऐलान करती है, इसलिए हर महीने के क्लोजिंग बैलेंस पर ब्याज कैलकुलेट करने से पहले सालाना ब्याज दर को 12 से भाग देना होगा. इस बार सरकार ने 8.25% की सालाना ब्याज दर का ऐलान किया है.
