कबीरधाम में लगातार तेज बारिश.. उफनती ढोलढोली नदी में फंसी यात्रियों से भरी गाड़ी
कबीरधाम जिले में भारी वर्षा के कारण नदी नाले उफान पर हैं. प्रशासन लगातार लोगों से उफनती नदियों और नालों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है, इसके बावजूद लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसी ही एक घटना कुकदूर थाना क्षेत्र में सामने आई. कुकदूर से पटपर होते हुए सिंदूरखार और बेलकी जाने वाले मार्ग पर स्थित ढोलढोली नदी तेज बहाव के कारण उफान पर है. इसी दौरान एक माजदा वाहन चालक ने नदी पार करने का जोखिम उठाया. वाहन में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 25 से 30 यात्री सवार थे. नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के बीच वाहन अचानक बंद हो गया. पानी का दबाव बढ़ने से वाहन बहकर गहरे हिस्से की ओर खिसकने लगा.
वाहन में सवार महिलाओं और बच्चों की चीख पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए आगे आए. अपनी जान की परवाह किए बिना कई ग्रामीण उफनती नदी में उतरे और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. ग्रामीणों की तत्परता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन थोड़ी सी और लापरवाही कई लोगों की जान पर भारी पड़ सकती थी.
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बारिश के दौरान उफनती नदी-नालों को पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है. प्रशासन की चेतावनियों का पालन करना और जोखिम भरे फैसलों से बचना ही सुरक्षित विकल्प है.
