महबूबा मुफ्ती पहुंचीं तेहरान: अयातुल्ला खामेनेई को दी श्रद्धांजलि, बोलीं- यहां आना मेरे लिए सम्मान

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को तेहरान पहुंचकर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने तेहरान आकर व्यक्तिगत रूप से शोक और एकजुटता जताने को अपना सम्मान बताया।एक्स पर पोस्ट में महबूबा मुफ्ती ने लिखा ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत पर गहरी संवेदना और एकजुटता जताने के लिए तेहरान में मौजूद रहना मेरे लिए सम्मान की बात है एक ऐसे सम्मानित नेता जो धारा के खिलाफ खड़े होने का साहस रखते थे और शोषितों के लिए लड़े। मुफ्ती ईरान में आयोजित शोक समारोहों में शामिल होने के लिए तेहरान गई थीं, जहां वह अन्य गणमान्य लोगों और शोकाकुलों के साथ शामिल हुईं।

उन्होंने अयातुल्ला खामेनेई को वैश्विक अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने और शोषितों का हक उठाने वाला नेता बताया। इससे पहले महबूबा को ईरानी अधिकारियों की ओर से तेहरान में शोक समारोहों में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण मिला था। जम्मू-कश्मीर से चुनिंदा आमंत्रित लोगों में वह भी शामिल थीं, जिनमें कई प्रमुख शिया धर्मगुरु भी थे। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान के बीच कई देशों के राजनीतिक नेता और धार्मिक प्रतिनिधि तेहरान में शोक समारोहों में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।