भारत-इंग्लैंड दूसरे टी-20 में भी बारिश के आसार, मैनचेस्टर में आज 55% चांस

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार शाम 7 बजे मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच की तरह इस मुकाबले में भी बारिश खेल बिगाड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 55% तक बारिश की संभावना है। सीरीज का पहला मुकाबला भी बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।

इस मुकाबले में एक बार फिर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, भारत के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने संकेत दिए हैं कि युवा बल्लेबाज को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। मॉर्कल ने कहा- दूसरे मुकाबले से टीम ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहती। अभिषेक शर्मा टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। कोचिंग स्टाफ के तौर पर खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना जरूरी है।

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 31 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 और इंग्लैंड ने 12 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच 10 मुकाबले हुए हैं। यहां इंग्लैंड ने 5, भारत ने 4 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा।

दोनों देशों के बीच अब तक 9 टी-20 सीरीज खेली गई हैं। इनमें भारत ने 5, इंग्लैंड ने 3 सीरीज जीती हैं, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही। भारत ने पिछली लगातार पांच टी-20 सीरीज में इंग्लैंड को हराया है।

चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेले गए पहले टी-20 में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने सिर्फ 6 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अभिषेक शर्मा (59 रन, 24 गेंद) और कप्तान श्रेयस अय्यर (68 रन, 47 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर भारत को 189/7 तक पहुंचाया। हालांकि बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी। अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ 7 टी-20 पारियों में 347 रन 219.62 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।

भारत के लिए इस साल ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 16 टी-20 मैचों में 545 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 199.63 रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 15 मैचों में 21 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज का स्थान हासिल किया है।