खुशखबरी! लाखों सरकारी कर्मचारियों की बढ़ सकती है सैलरी, DA पर जल्द आ सकता है फैसला
केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई 2026 से मिलने वाले DA में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार है. खबर है कि इस बार सरकार DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती है. अगर ऐसा होता है, तो वर्तमान 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा. हालांकि, अंतिम फैसला जून 2026 के ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़े जारी होने के बाद ही लिया जाएगा. फिलहाल कर्मचारी और पेंशनर्स की नजर इन्हीं आंकड़ों पर टिकी हुई है. क्योंकि इन्हीं के आधार पर जुलाई से मिलने वाले महंगाई भत्ते की तस्वीर साफ होगी.
बता दें DA की गणना जुलाई 2025 से जून 2026 तक के 12 महीनों के AICPI-IW इंडेक्स के औसत के आधार पर की जाती है. लेबर एंड इम्प्लॉयमेंट मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में AICPI-IW इंडेक्स 150.8 दर्ज किया गया, जो अप्रैल के 149.9 की तुलना में 0.9 अंक अधिक है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जून 2026 का इंडेक्स करीब 151 के आसपास रहता है, तो गणना के अनुसार DA लगभग 63.7 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. हालांकि, सरकार महंगाई भत्ते को पूरे अंक में लागू करती है. इसलिए इसे 63 प्रतिशत किए जाने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है. यही इंडेक्स कर्मचारियों के DA और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) तय करने का आधार होता है.
केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए साल में दो बार महंगाई भत्ते की समीक्षा करती है. पहली बढ़ोतरी 1 जनवरी और दूसरी 1 जुलाई से प्रभावी मानी जाती है. जनवरी 2026 से लागू होने वाले DA का ऐलान सरकार ने मार्च के आखिर में किया था. वहीं, जुलाई से लागू होने वाले महंगाई भत्ते की घोषणा आमतौर पर सितंबर या अक्टूबर में त्योहारों से पहले की जाती है. हालांकि घोषणा बाद में होती है, लेकिन इसका लाभ कर्मचारियों को 1 जुलाई से ही मिलता है. इसलिए जब सरकार फैसला घोषित करती है, तब कर्मचारियों को बढ़े हुए DA के साथ एरियर भी दिया जाता है.
अब सवाल यह है कि जून 2026 का AICPI-IW इंडेक्स कितना रहेगा. अगर यह अनुमान के मुताबिक रहता है, तो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3 प्रतिशत DA बढ़ोतरी का फायदा मिल सकता है. इससे उनकी मासिक सैलरी और पेंशन दोनों में बढ़ोतरी होगी, साथ ही बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर भी मिलेगा. हालांकि, अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगा. ऐसे में लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को अब जून के इंडेक्स और उसके बाद होने वाले सरकारी ऐलान का इंतजार है. जिससे जुलाई 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.
