दुर्ग-भिलाई-रायपुर में सड़कें बनीं तालाब, नालियां चोक , घरों में घुसा पानी.. नगर निगम वाले नहीं कर रहे सफाई

छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। पिछले 48 घंटे से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण कई शहरों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में कई अंडरब्रिज, सड़कें और कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। शहर के निचले इलाकों के साथ-साथ पॉश कॉलोनियों में भी पानी घुस गया। जिस कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राजधानी रायपुर के डीडी नगर जोन-5 में कई घरों के भीतर पानी भर गया। शंकर नगर और आसपास की कॉलोनियों में भी बारिश का पानी घरों में घुस गया। चौबे कॉलोनी में आसपास के पांच तालाबों का पानी रिहायशी इलाके में पहुंच गया। भारी बारिश के कारण और जलभराव के कारण लोगों का सामान खराब हो गया। वहीं, सड़कें नदियां की तरह दिखाई देने लगीं। भारी बारिश के कारण रायपुर की पॉश कॉलोनी माने जाने वाले इलाकों में भी पानी भर गया। शहर की महापौर मीनल चौबे के बंगले के बाहर भी नाली का पानी भर गया। शहर के अधिकांश वार्डों में जलभराव की स्थिति बनी रही और कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। नगर निगम वाले नहीं कर रहे सफाई जिसका कारण पानी भर गया है. पार्षद भी ध्यान नहीं दे रहे

बारिश के चलते गुढ़ियारी रायपुर अंडरब्रिज में पानी भर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वहीं, फाफाडीह अंडरब्रिज में सुबह करीब 5 बजे से एक ट्रक पानी में फंसा रहा, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

स्थानीय नागरिकों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि नगर निगम ने तीन चरणों में नालों की सफाई का दावा किया था, जिसके लिए 250 अतिरिक्त सफाईकर्मियों सहित जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात की गई थीं। इसके बावजूद, नालों की तलहटी से कचरा ठीक से साफ न किए जाने के कारण पहली ही बारिश में नालियां चोक हो गईं।