इंदौर के रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, बाइक सवार डिलीवरी बॉय पर झपटा, अलर्ट जारी

इंदौर: जिले के कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुआ रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया। रात करीब साढ़े आठ बजे तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही इलाके के लोग घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान वहां से बाइक पर गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय पर तेंदुए ने अचानक हमला करने की कोशिश की। हालांकि युवक ने किसी तरह खुद को बचाया और मौके से भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक से गुजर रहा था। तभी अचानक तेंदुआ उसके सामने आ गया और उस पर झपट पड़ा। हमले के दौरान युवक की बाइक सड़क पर गिर गई लेकिन उसने बिना समय गंवाए दौड़ लगाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखना शुरू किया। वहीं वन विभाग की रेस्क्यू टीम को भी तत्काल बुलाया गया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक हमले के बाद तेंदुआ तेजी से भागते हुए आगे निकल गया। कुछ देर बाद वह इलाके के एक मकान के बाथरूम में दिखाई दिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाश शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि तेंदुआ बाद में गांव की तरफ निकल गया। एहतियात के तौर पर आसपास की कॉलोनियों और गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि रात के समय बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे या उसकी कोई गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।